

बहराइच।
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर द्वारा गठित परामर्शदात्री (सलाहकार) समिति में बहराइच के वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामकरन टेकड़ीवाल तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी मनीष मल्होत्रा को सदस्य नामित किया गया है। दोनों के मनोनयन से जिले में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और शैक्षिक संगठनों ने इसे बहराइच के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, नवस्थापित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में सामाजिक उत्तरदायित्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण के संवर्धन के उद्देश्य से इस सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति में शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों को शामिल किया गया है।
समिति में शामिल किए गए श्यामकरन टेकड़ीवाल लंबे समय से भाजपा संगठन, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे बहराइच के महाराज सिंह इंटर कॉलेज तथा महिला महाविद्यालय के प्रबंधक भी हैं। उनकी पत्नी सुधा टेकड़ीवाल वर्तमान में नगर पालिका परिषद की चेयरमैन हैं। जिले में श्यामकरन टेकड़ीवाल की पहचान एक सक्रिय शिक्षाविद, कुशल राजनेता और समाजसेवी के रूप में है।
वहीं, सदस्य बनाए गए मनीष मल्होत्रा देश की प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी पीटीआई के बहराइच एवं श्रावस्ती संवाददाता हैं। इसके अलावा वे डिस्ट्रिक्ट ओलम्पिक एसोसिएशन बहराइच के अध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तथा कई सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें समिति में स्थान दिया गया है।
समिति के संयोजक के रूप में बलरामपुर के शिक्षाविद एवं वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त बलरामपुर के शिक्षाविद आशुतोष शुक्ला व सचिन कुमार सिंह, गोंडा के वरिष्ठ पत्रकार जानकी शरण द्विवेदी, समाजसेवी रामकृष्ण तिवारी, शिक्षाविद डॉ. अमय श्रीवास्तव, श्रावस्ती से पत्रकार पंकज मिश्रा व शिव कुमार पाठक तथा जगजीत इंटर कॉलेज के प्राचार्य राम बिहारी बाजपेई को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।
जिले के विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों ने दोनों सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय के विकास एवं शैक्षिक गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी।