बहराइच: बरसात के बीच स्कूलों में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान, बीएसए आशीष कुमार सिंह ने दिए कड़े निर्देश

बहराइच, 31 जुलाई। वर्षा ऋतु में मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान स्कूल शिक्षा महानिदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, मोनिका रानी के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

निर्देशों के अनुसार विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों और मध्याह्न भोजन रसोईघरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। परिसर में जलभराव रोकने, समुचित जल निकासी की व्यवस्था करने तथा विद्यालय भवनों की छतों पर जमा सूखे पत्तों और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर वर्षा जल के ठहराव को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

मच्छरों की रोकथाम के लिए स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आवश्यकता अनुसार एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और अन्य निवारक उपाय किए जाएंगे। इसके अलावा पेयजल टंकियों की सफाई, कीटाणुशोधन और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यालय परिसरों में झाड़-झंखाड़, घास-फूस और जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई भी अनिवार्य की गई है।

बीएसए ने विद्यालयों को विद्युत तारों, भवनों की छतों, दीवारों एवं अन्य संरचनाओं का निरीक्षण कर संभावित खतरों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को हाथ धोने की आदत, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा वर्षा ऋतु में होने वाले रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया है। किसी भी असुरक्षित स्थिति या आपात परिस्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सभी विद्यालयों को साफ-सफाई एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों के फोटोग्राफ और वीडियो सुरक्षित रखने तथा प्रत्येक विकास खंड से दो फोटो एवं एक वीडियो निर्धारित ई-मेल पर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में महानिदेशक मोनिका रानी स्वयं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करेंगी, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।