
बहराइच l भीषण गर्मी और तापमान में वृद्धि के चलते बदले गए विद्यालयों के समय को अब सामान्य कर दिया गया है। मौसम सामान्य होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों का संचालन गुरुवार से प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक करने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी की अनुमति से कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का संचालन अस्थायी रूप से सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जा रहा था। अब मौसम में सुधार होने के बाद नियमित समय बहाल कर दिया गया है। यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा तथा अन्य सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 8 तक संचालित विद्यालयों पर लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
बीईओ के साथ समीक्षा बैठक, लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश
बुधवार को बीएसए आशीष कुमार सिंह ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में स्टूडेंट ड्रॉप बॉक्स, अपार आईडी (APAAR ID) जनरेशन तथा नामांकन प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की गई। बीएसए ने प्रत्येक खंड शिक्षा अधिकारी को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि नामांकन अभियान और अपार आईडी निर्माण में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य हर हाल में हासिल करने को कहा।