By: Shamikh Rais Siddiqui

बहराइच।
संविलियन विद्यालय धरसवां चितौरा में विद्यार्थियों के शैक्षिक प्रोत्साहन एवं सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी शैक्षिक कार्यक्रम एवं वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को कापी, पेन, टाफी आदि का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आकांक्षामृतम संस्था के संस्थापक एवं जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विद्या विलास पाठक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी चितौरा अनुराग मिश्रा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग मिश्रा ने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेरक शब्दों में कहा कि “पढ़ो, अच्छे बनो” केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन का मंत्र है। शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। उन्होंने शिक्षा को “पतित पावन गंगा” बताते हुए कहा कि शिक्षा सबका उद्धार करती है और इसके बिना मनुष्य अधूरा है।

श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों से संकल्प लेते हुए कहा कि ज्ञान ही हमें संस्कारवान, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि गुरु का पद सर्वोच्च है और बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना ही सच्ची गुरु-दक्षिणा है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी ओर से सभी बच्चों को कलम वितरित की और छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुक्तकंठ से सराहना की। साथ ही संस्था के अध्यक्ष विद्या विलास पाठक के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्या विलास पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को अच्छे संस्कार देना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए घर के बड़े-बुजुर्गों को भी बच्चों की भावनाओं और संवेदनाओं को समझते हुए सही मार्गदर्शन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उनकी माता की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया है और उनका संकल्प है कि संस्था छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य करेगी तथा समाज में बढ़ रहे भेदभाव के उन्मूलन हेतु प्रयासरत रहेगी।

कार्यक्रम में जय देवी, रमेश कुमार, नमिता श्रीवास्तव, अर्चना सिंह, अमिता श्रीवास्तव, मनीषा, गीता देवी, मुन्नी देवी एवं रामकली का विशेष योगदान रहा। वहीं मानवी, कोमल, चाहत, दीपाली, पुष्पा, आसमा, नित्या एवं अमित पांडे सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को भव्यता प्रदान की।

सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की मंगल कामना के साथ कार्यक्रम अपने चरम पर पहुँचा। अंत में राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन पूर्ण गरिमा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।