टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का तेवर तेज, दिल्ली में होगा बड़ा प्रदर्शन

बहराइच: शिक्षक संघ की संयुक्त कार्य समिति की बैठक में बनी रणनीति, 24 नवंबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

बहराइच, 9 नवम्बर।
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ संयुक्त कार्य समिति की बैठक रायपुरराजा स्थित कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विद्या विलास पाठक ने की, जबकि संचालन प्रभारी महामंत्री यादवेंद्र यादव ने किया।

बैठक में टीईटी (TET) को अनिवार्य करने के निर्णय का विरोध करते हुए शिक्षकों ने इसे अनुचित और अपमानजनक बताया। वक्ताओं ने कहा कि पहले से कार्यरत शिक्षकों पर टीईटी की बाध्यता थोपना न्यायोचित नहीं है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 24 नवम्बर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए जिले से 1000 से अधिक शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे। प्रत्येक विकास खंड स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि आंदोलन को सफल बनाया जा सके।

कार्य समिति ने यह भी प्रस्ताव पारित किया कि जो पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा रहे हैं या बैठकों में प्रतिभाग नहीं करते, उन्हें पद से मुक्त किया जाएगा।

समस्याओं के समाधान के लिए कड़ा रुख

बैठक में निर्णय लिया गया कि चयन, वेतनमान, एरियर तथा 75 शिक्षकों के रुके हुए वेतन को लेकर संगठन इस माह के भीतर ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं वित्त एवं लेखा अधिकारी से वार्ता कर समाधान कराएगा।
यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो दिसंबर माह में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

संगठन को मजबूत करने का आह्वान

बैठक में राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री राधेश्याम कनौजिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष एम. सिराजुद्दीन न्यूटन, प्रांतीय संयुक्त मंत्री भूपेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, एवं मंडलीय संयुक्त मंत्री आशुतोष वर्मा ने शिक्षकों से संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

बैठक में मोहम्मद आसिफ, शत्रुघ्न वर्मा, रामकुमार पांडे, धर्मेंद्र पाल, राजेश कुमार यादव, कमलेश कुमार मिश्रा, मनोज कुमार उपाध्याय, सत्येंद्र गंगवार, भानु प्रताप मिश्रा, प्रेम कांत, रवि शंकर शुक्ला, गोपाल जी शुक्ला, महेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार मिश्रा, प्रदीप कुमार मिश्रा, सुशील कुमार मिश्रा, ओंकार नाथ टाइगर, अमिताभ शंकर त्रिपाठी, अलीम अहमद सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

अंत में जिला अध्यक्ष विद्या विलास पाठक ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। बैठक राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *