
NewsScoop Desk
बहराइच। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने विकासखंड जरवल के प्राथमिक विद्यालय मुड़ियाडीह का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं परखी और बच्चों के साथ बैठकर एमडीएम का स्वाद चखा।
बच्चों को अपने हाथों से परोसा भोजन
बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और व्यवस्था के संबंध में सीधे संवाद कर उनकी राय जानी। उन्होंने स्वयं बच्चों को एमडीएम परोसा और विद्यालय में प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
किचन गार्डन की ताजी सब्जियों के प्रयोग पर विद्यालय स्टाफ की सराहना
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के किचन गार्डन में उगाई जा रही ताजी सब्जियों का प्रयोग एमडीएम तैयार करने में किए जाने पर बीएसए ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यालय स्टाफ को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन बच्चों को पोषण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
बीएसए ने रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, भोजन तैयार करने एवं परोसने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि एमडीएम निर्धारित मानकों और मेन्यू के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार कर बच्चों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ और सकारात्मक बनाए रखने के निर्देश दिए।
बीएसए आशीष कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को विद्यालय में सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। एमडीएम केवल भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि यह बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विद्यालय में नियमित उपस्थिति से भी जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसलिए इसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जरवल अरविन्द बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य ऋचा त्रिपाठी और सहायक अध्यापक शैलेन्द्र सिंह सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। बीएसए ने विद्यालय की एमडीएम व्यवस्था तथा किचन गार्डन के बेहतर उपयोग के लिए समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए अच्छी पहल को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
Leave a Reply