कब्रिस्तान मार्ग निर्माण न होने पर सभासद प्रतिनिधि ने आंदोलन की चेतावनी

नानपारा।
कब्रिस्तान को जाने वाली सड़क का निर्माण लंबे समय से न होने को लेकर वार्ड संख्या 17, मोहल्ला तोपखाना मिरयासी टोला, नानपारा के नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। इस मुद्दे पर सभासद प्रतिनिधि समीउल्लाह खान उर्फ शुएब ने नागरिकों के साथ सड़क पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

इस संबंध में सभासद सामिया खान के आवास पर एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मोहल्लेवासियों ने बताया कि एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कब्रिस्तान को जाने वाली सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। जबकि पूर्व में इस मार्ग को बनाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़ दिया गया था। इसके बाद सड़क निर्माण न होने से आम जनमानस को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सभासद प्रतिनिधि शोएब खान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत नानपारा नगर में कई सड़कों का डामरीकरण किया जाना था, जिनमें ईदगाह रोड और कवि नगर रोड का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण कब्रिस्तान मार्ग को अब तक नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व इस सड़क पर लगी इंटरलॉकिंग हटाकर केवल बालू और मिट्टी डाल दी गई, जिससे आने-जाने वालों, विशेषकर मैयत ले जाने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि योजना के तहत लगभग सभी रास्तों का निर्माण कर दिया गया, लेकिन केवल कब्रिस्तान मार्ग को छोड़ दिया गया, जिससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि शीघ्र ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो मोहल्लेवासी विशाल धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

बैठक में सिम्मू, अब्दुल्लाह, जीशान, फहीम आज़मी, फराज खान, वक़ार, रोहित, बबलू, रहीम, नसीम, शालू मिर्ज़ा सहित अन्य मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *